RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

शिक्षकों की कमी से नेरी नगर स्कूल की पढ़ाई प्रभावित, 7 पद खाली

शिमला, 17 मार्च 26 (RHNN) : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नेरी नगर में शिक्षकों और नॉन-टीचिंग स्टाफ की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्कूल में प्रवक्ता अंग्रेजी, राजनीतिक शास्त्र, इतिहास व कंप्यूटर साइंस के साथ टीजीटी आर्ट्स, पीईटी और वरिष्ठ सहायक के पद लंबे समय से खाली हैं। स्टाफ की कमी के चलते कुछ अभिभावकों ने अपने बच्चों का दाखिला दूसरे स्कूलों में करा दिया है। जानकारी के अनुसार 54 छात्रों की संख्या वाले इस स्कूल में अब केवल 40 विद्यार्थी ही रह गए हैं। एसएमसी प्रधान लीला देवी सहित अभिभावक सुरेश, नरेश, वेद प्रकाश, संजीव, सुरेंदरा, अंजू, नीलम, बालक राम और सूरत राम ने बताया कि स्कूल में प्रधानाचार्य सहित कुल 17 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से सात पद पिछले करीब तीन वर्षों से रिक्त चल रहे हैं।

वरिष्ठ सहायक का पद खाली होने से प्रवक्ता हिंदी और टीजीटी संस्कृत को अतिरिक्त प्रशासनिक कार्य भी संभालना पड़ रहा है, जिससे पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि एसएमसी ने पिछले तीन वर्षों में नौ बार शिक्षा विभाग को ज्ञापन दिया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में रिक्त पदों पर नियुक्तियां नहीं हुईं तो 18 मार्च से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के दौरान अभिभावक विधानसभा का घेराव कर अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे।

Related posts