शिमला, 20 मार्च 26 (RHNN) : विश्व ओरल स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुन्गा में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान सिविल अस्पताल जुन्गा के दंत चिकित्सक डॉ. राजेश ठाकुर ने विद्यार्थियों को दांतों की देखभाल और जंक फूड के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी।डॉ. राजेश ठाकुर ने कहा कि स्वस्थ दांत न केवल चेहरे की सुंदरता बढ़ाते हैं, बल्कि भोजन के पाचन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि दांतों की सही देखभाल न होने पर पाचन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि मुंह की दुर्गंध, केविटी और मसूड़ों की बीमारियों से बचने के लिए दिन में कम से कम दो बार ब्रश करना जरूरी है। साथ ही उन्होंने दांत साफ करने की सही तकनीक भी समझाई और समय-समय पर दांतों की जांच कराने की सलाह दी। डॉ. ठाकुर ने कहा कि मीठा खाने के बाद तुरंत कुल्ला करना चाहिए, ताकि दांतों को नुकसान से बचाया जा सके। उन्होंने विद्यार्थियों को जंक और फास्ट फूड से परहेज करने की सलाह देते हुए कहा कि ऐसे खाद्य पदार्थ शरीर के लिए हानिकारक होते हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पोस्टर बनाकर दांतों से जुड़ी विभिन्न बीमारियों और उनके बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी।कार्यक्रम में सिविल अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. मनोज वर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश शर्मा, दंत तकनीशियन राजेश शर्मा, एनडीके काउंसलर प्रवीण शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

