शिमला, 20 मार्च 26 (RHNN) : शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीडीओई) की सह-आचार्य और प्रख्यात साहित्यकार डॉ. प्रियंका वैद्य की चर्चित कृति ‘लॉकडाउन डायरी’ की चार कहानियों पर आधारित नाटक ‘द लॉकडाउन टेल्स’ का मंचन 21 मार्च को ऐतिहासिक गेयटी थिएटर के ओल्ड गोथिक हॉल में सायं 5:30 बजे किया जाएगा। इस नाट्य प्रस्तुति का आयोजन ‘द प्लेटफॉर्म शिमला’ की ओर से किया जा रहा है।
नाटक का निर्देशन अजय शर्मा ने किया है, जबकि इसकी कथा-संरचना डॉ. प्रियंका वैद्य की कहानियों— पलाश के फूल, चाबियाँ, डायरी और हारमोनियम— पर आधारित है। मंचन में लॉकडाउन के दौरान मानव जीवन में आए भावनात्मक, सामाजिक और आध्यात्मिक अनुभवों को रंगमंच के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। नाटक में आदर्श चौहान, यक्षिता, वैष्णवी एच. ठाकुर और प्रीति मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं मंचन को सफल बनाने में अशोक नरवाल, लकी राजपूत, हर्ष, रिधिका, हर्षु, वेदिका, नैंसी, सुनिधि, मोनिका और रजनी सहित पूरी तकनीकी और सृजनात्मक टीम का योगदान रहेगा।
डॉ. प्रियंका वैद्य हिमाचल प्रदेश की जानी-मानी साहित्यकार और शिक्षाविद् हैं। उनकी 14 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं और वे लंबे समय से शोध एवं लेखन से जुड़ी हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह, सीडीओई निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार और प्रो. हरिमोहन शर्मा ने इस नाट्य प्रस्तुति को विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया है।

