शिमला-01 जनवरी (rhnn) : प्रदेश में नए साल का जश्न मनाने के लिए करीब पांच लाख सैलानी उमड़े। रविवार देर शाम तक प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब समेत राज्यों से सैलानियों के आने का क्रम रहा। देर रात तक लोगों ने जश्न मनाया। शिमला, मनाली, चायल, कसौली, धर्मशाला और डलहौजी के होटल सैलानियों से पैक रहे। राजधानी शिमला में तीन दिन में बाहरी राज्यों से 42,834, कुल्लू-मनाली में 30,147 पर्यटक वाहन पहुंचे।
इसके अलावा वोल्वो और ट्रेनों से भी पर्यटक हिमाचल पहुंचे। रविवार को राजधानी शिमला में 15,000 हजार पर्यटक वाहन पहुंचे। बरसात में आई प्राकृतिक आपदा के बाद पर्यटन कारोबार पटरी पर लौटा है। क्रिसमस से नए साल के जश्न तक प्रदेश में हजारों करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। राज्य में घूमने आए पर्यटकों कोई असुविधा न हो, इसके लिए होटल-रेस्तरां 24 घंटे खुला रहने की छूट सरकार ने दी है। 25 को शुरू हुए कार्निवल का समापन 31 दिसंबर को होना था। लेकिन अब कार्निवल 4 जनवरी तक चलेगा। सैलानियों को प्रदेश के अलग-अलग जिलों की संस्कृति से रूबरू से होने का मौका मिला है।
पर्यटन विकास निगम और निजी होटलों में नाच-गाकर लोगों ने नए वर्ष का स्वागत किया। शिमला के रिज मैदान पर आयोजित विंटर कार्निवाल और कार्यक्रम में सैलानियों ने रात 12 बजे तक जमकर धमाल मचाया।