शिमला, 23 मार्च 26 (RHNN) : शहीदी दिवस के अवसर पर स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने सोमवार को परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कथित साम्राज्यवादी नीतियों के विरोध में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले फूंके।
प्रदर्शन के दौरान एसएफआई के कैंपस सचिव मुकेश ने कहा कि आज विश्व स्तर पर अमेरिका जैसी ताकतें अन्य देशों पर हमले कर अपना वर्चस्व स्थापित करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आर्थिक और राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए युद्धों को बढ़ावा दिया जा रहा है,
जिससे वैश्विक शांति को खतरा पैदा हो रहा है। एसएफआई हिमाचल प्रदेश इकाई के सचिव सनी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संघर्षों का प्रभाव भारत जैसे देशों पर भी पड़ रहा है। उनके अनुसार इससे देश में महंगाई बढ़ रही है और आवश्यक संसाधनों की कमी देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस जैसी जरूरी वस्तुओं की कीमतें बढ़ने से आम जनता प्रभावित हो रही है।
एसएफआई ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह साम्राज्यवादी नीतियों का समर्थन करने के बजाय जनहित में स्वतंत्र और जनपक्षीय नीतियां अपनाए। संगठन ने शहीदों के आदर्शों पर चलते हुए अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष तेज करने का संकल्प भी लिया।

