RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

मशोबर में विश्व क्षय रोग दिवस पर जागरूकता रैली, 300 लोगों ने लिया भाग

शिमला, 23 मार्च 26 (RHNN) : जिला शिमला के ब्लॉक मशोबर में विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर व्यापक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करना और समाज को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में प्रेरित करना था। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यश पाल रन्टा, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. बनीत तथा ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय रनावत ने भाग लिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों, समाज के विभिन्न वर्गों और आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है, बशर्ते समय पर इसकी पहचान और उपचार किया जाए। उन्होंने बताया कि लगातार दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन घटना, सीने में दर्द और रात में पसीना आना इसके प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए।

कार्यक्रम के तहत मशोबर में एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें लगभग 300 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में स्कूली बच्चों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने बैनर और नारे के माध्यम से “टीबी मुक्त समाज” का संदेश फैलाया। कार्यक्रम में शामिल वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक अनमोल राज कौंडल ने कहा, “टीबी का इलाज 6 महीने का होता है। बीच में दवा छोड़ने से मल्टी ड्रग रेसिस्टेंट टीबी हो जाता है।” वहीं उन्होंने सलाह दी कि प्रोटीन युक्त भोजन लें, जैसे दाल, अंडा, दूध। योग और व्यायाम से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाएं। बच्चों के लिए बीसीजी वैक्सीन जरूरी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे टीबी के प्रति किसी भी प्रकार के भ्रम या डर को त्यागकर जागरूकता फैलाएं और संदिग्ध मरीजों को जांच के लिए प्रेरित करें। यह अभियान क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Related posts