शिमला, 03 अप्रैल 26 (RHNN) : जिला शिमला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 288 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह इस वर्ष जिले में चिट्टे की सबसे बड़ी बरामदगियों में से एक बताई जा रही है। पुलिस थाना बालूगंज में इस संबंध में अभियोग संख्या 54/26 दिनांक 24 मार्च 2026 को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार 24 मार्च को शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम आईएसबीटी शिमला क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कैरी बैग में भारी मात्रा में चिट्टा लेकर आईएसबीटी के प्रथम तल पर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके बैग से 288 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान शमशाद अहमद (42) निवासी जिला अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

