शिमला, 27 जुलाई (rhnn) : पूर्व मंत्री एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय जी.एस. बाली की जयंती की पूर्व संध्या पर एचपीटीडीसी के बरोग-कसौली-पांवटा कॉम्प्लेक्स की ओर से होटल पाइनवुड, बरोग में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन कॉम्प्लेक्स के उप महाप्रबंधक डॉ. अनिल कपूर के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान बरोग और कसौली इकाइयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जनसेवा और सामाजिक दायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
डॉ. अनिल कपूर ने कहा कि रक्तदान शिविर स्वर्गीय जी.एस. बाली के जनसेवा, मानवता और सामाजिक समर्पण के आदर्शों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि रक्त की प्रत्येक इकाई किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकती है। ऐसे आयोजनों से समाज में मानवता, संवेदनशीलता और सेवा की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि यह पहल एचपीटीडीसी के अध्यक्ष रघुबीर सिंह बाली की प्रेरणादायी सोच और नेतृत्व को भी दर्शाती है। उनके मार्गदर्शन में निगम सामाजिक उत्तरदायित्व और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने एचपीटीडीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. राजीव कुमार का भी आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और सहयोग से निगम जनसेवा, कर्मचारी कल्याण और सामाजिक दायित्वों के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।
शिविर में एचपीटीडीसी कसौली के प्रबंधक महेंद्र सिंह चौहान, कनिष्ठ अभियंता पूरण चंदेल सहित बरोग और कसौली इकाइयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर निगम ने रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सहयोग के लिए रोटरी रॉयल सोलन का आभार व्यक्त किया। साथ ही स्वैच्छिक रक्तदाताओं, चिकित्सकों, चिकित्सा दल, स्वयंसेवकों और आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों का भी धन्यवाद किया।

