RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के दो होनहार बच्चों को डीसी ने किया सम्मानित

शिमला, 04 अप्रैल 26 (RHNN) : जिला शिमला के दो होनहार ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ बच्चों की उपलब्धियों को सराहते हुए उपायुक्त अनुपम कश्यप ने शनिवार को उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान अमृत वर्मा और मोक्षित शर्मा को शॉल और हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने दोनों बच्चों की उपलब्धियों को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनके नन्हे कदम सफलता की ओर बढ़ रहे हैं और यह अन्य बच्चों के लिए भी मिसाल हैं। उपायुक्त ने बताया कि अमृत वर्मा का चयन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इंस्पायर मानक साइंस कार्यशाला के लिए हुआ है, जबकि मोक्षित शर्मा का चयन राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) के तहत हुआ है, जिसके अंतर्गत उन्हें जमा दो तक प्रति वर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत बेसहारा और निराश्रित बच्चों को “चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट” का दर्जा दिया गया है। इस योजना के माध्यम से बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और कौशल विकास जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। अमृत वर्मा ने कक्षा आठवीं के दौरान दृष्टिबाधित लोगों की सहायता के लिए ‘स्मार्ट हेल्पिंग स्टिक’ का प्रपोजल तैयार किया था, जिसका चयन इंस्पायर योजना के तहत हुआ है। इस मॉडल को तैयार करने के लिए उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से 10 हजार रुपये की सहायता भी मिली है।

यह सेंसर आधारित स्टिक सामने आने वाली बाधाओं को पहचानकर वाइब्रेशन और ध्वनि के माध्यम से दृष्टिबाधित व्यक्ति को सचेत करेगी। मोक्षित शर्मा का चयन राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना के तहत हुआ है, जिसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को पढ़ाई जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। दोनों छात्रों ने आठवीं तक की शिक्षा राजकीय उच्च विद्यालय जाखू से प्राप्त की है और वर्तमान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टूटीकंडी में अध्ययनरत हैं। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ममता पॉल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

Related posts