RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

ओलावृष्टि से जुन्गा तहसील में किसानों की फसलें हुई तबाह

शिमला, 05 मई 26 (RHNN) : बीते तीन चार दिनों से लगातार हो रही ओलावृष्टि से जुन्गा तहसील की ग्राम पंचायत कोटी , जुन्गा, पधेची, दरभोग, सतलाई, पीरन, बलोग पंचातयत सहित काफी क्षेत्रों में विशेषकर नकदी फसलों को भारी नुकसान पहूंचा है । कोटी पंचायत के फनेवट गांव के कृष्ण दत शर्मा, यशपाल ठाकुर, चुन्नी लाल नेगी , रामस्वरूप ने बताया कि बीते रोज इस क्षेत्र में करीब तीन इंच ओलावृष्टि हुई है जिससे टिक्करी, ठांठिया, बणी, फनेवट व शवालठी गांव मेें फ्रांसबीन, आलू, गोभी मटर इत्यादि फसलें पूर्ण रूप से तबाह हो गई है । इन्होने बताया कि इन क्षेत्रों में ओले गिरने से सेब पर लगे फूल और जालियां भी टूट कर नष्ट हो गई है । इनका कहना है कि नकदी फसलें किसानों की आय का एक मात्र साधन है परंतु भारी ओलावृष्टि होने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है । जुन्गा के गांव खील कजेवड़ा, बणकटी, टिक्करी, गवाणा में भी बीते रोज भारी ओलावृष्टि से किसानों की नकदी फसलें तबाह हो गई है । खील कजेवड़ा के दुर्गा सिंह ठाकुर ने बताया कि इस वर्ष किसानों को फसल के बीज की कीमत भी नहीं मिल पाएगी और इस वर्ष किसानों को अपनी रोजमर्रा की जरूरतें भी पूरी करनी मुश्किल हो जाएगी ।

इसी प्रकार ग्राम पंचायत दरभोग के गांव कटैंया मझार, सेर डगोण, कूफटू तथा सतलाई पंचायत के अनेक गांव में भी ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है । दरभोग पंचायत के कृष्णा नंद शर्मा, ओम प्रकाश , वेद प्रकाश सहित अनेक लोगों ने बताया कि उनके क्षेत्र में टमाटर, शिमला मिर्च, फ्रांसबीन, फूलगोभी और बंद गोभी की फसलें नष्ट हो गई है । कृष्णा नंद शर्मा ने बताया कि इन क्षेत्रों में बीते सप्ताह से कई बार ओलावृष्टि हो गई है । किसानों ने सरकार से फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की गई है । नायब तहसीलदार जुन्गा राजेंन्द्र ठाकुर ने बताया कि जुन्गा तहसील में भारी ओलावृष्टि से काफी नुकसान हुआ है जिसकी सूचना उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है ।

Related posts