RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

25 गेंदों में 91 रन… 50 पार खिलाड़ियों का दम; भराड़ी मैदान में प्रदीप सावंत की तूफानी पारी ने लूटी महफिल

शिमला, 14 मई 26 (RHNN) : राजधानी शिमला के ऐतिहासिक भराड़ी मैदान में चल रही लीजेंड क्रिकेट प्रतियोगिता में उम्र सिर्फ आंकड़ा साबित हो रही है। 50 साल से अधिक उम्र के खिलाड़ी मैदान में युवाओं जैसा जोश दिखा रहे हैं। सोमवार को खेले गए मुकाबलों में सबसे ज्यादा चर्चा लीजेंड लेगेसी के बल्लेबाज प्रदीप सावंत की तूफानी पारी की रही। उन्होंने महज 25 गेंदों में 91 रन ठोककर मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। प्रतियोगिता के छठे दिन पहला मुकाबला लीजेंड लेगेसी और लीजेंड नगर निगम के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नगर निगम की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 140 रन ही बना सकी। टीम का कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।

141 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लीजेंड लेगेसी की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। सलामी बल्लेबाज प्रदीप सावंत ने चौकों-छक्कों की बारिश करते हुए 25 गेंदों में 91 रन जड़ दिए। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर टीम ने सिर्फ 8 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए प्रदीप सावंत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दिन का दूसरा मुकाबला लीजेंड स्नोडॉन और लीजेंड ईगल के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्नोडॉन की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 141 रन बनाए। टीम की ओर से एक बल्लेबाज ने 63 रन की अहम पारी खेली। जवाब में उतरी लीजेंड ईगल की टीम ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 17.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम के सलामी बल्लेबाज योगेश ने 57 गेंदों में 63 रन बनाकर जीत की नींव रखी। वहीं मोहिंदर ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ी 50 वर्ष से अधिक उम्र के हैं। लीग का उद्देश्य युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करना और खेलों के प्रति प्रेरित करना है। प्रतियोगिता में कुल छह टीमें भाग ले रही हैं और इसका समापन 16 मई को होगा।

Related posts