RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़नारी शक्तिलोकमंच

तत्तापानी में 200 पौधे लगाकर दिया हरित भविष्य का संदेश

मंडी/शिमला,03 जून 26 (RHNN) : तत्तापानी (मंडी)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 133 ईको टीए (डोगरा) ने तत्तापानी क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के 200 पौधे रोपे गए और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। “भागीदारी और जिम्मेदारी” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में 133 ईको टीए (डोगरा) के 20 ईको वॉरियर्स और स्थानीय महिला मंडल की 53 महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाना, जैव विविधता का संरक्षण करना तथा स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में महिला मंडल की भागीदारी विशेष आकर्षण रही। वक्ताओं ने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज में पर्यावरण संरक्षण की मजबूत कड़ी हैं और उनकी सक्रिय भूमिका से ऐसे अभियान अधिक प्रभावी बनते हैं। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल विनय पठानिया ने कहा कि वृक्ष जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, मृदा अपरदन रोकने और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को ईको टास्क फोर्स की ओर से वनीकरण, पर्यावरणीय पुनर्स्थापन और वन संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी गई। साथ ही जैव विविधता संरक्षण और हिमाचल की प्राकृतिक धरोहर को बचाने में जनसहभागिता के महत्व पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है।

Related posts