शिमला,03 जून 26 (RHNN) : हिमाचल प्रदेश बेरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ की बैठक शिमला में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेशभर से आए 100 से अधिक एससीवीटी प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षकों ने भाग लिया। बैठक में 5349 बेरोजगार युवाओं को शारीरिक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। संघ का कहना है कि 2005 से 2009 के बीच निजी संस्थानों के माध्यम से एक वर्षीय पीईटी प्रशिक्षण शुरू किया गया था, लेकिन 2011 के आरएंडपी नियमों के चलते उन्हें बैचवाइज भर्ती और चयन आयोग की प्रक्रियाओं से बाहर कर दिया गया। प्रशिक्षुओं ने इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि उन्होंने तत्कालीन नियमों के तहत प्रशिक्षण पूरा किया है, इसलिए नए नियम उन पर लागू नहीं होने चाहिए। बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया तो प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता संघ के मुख्य सलाहकार ने की।

