शिमला,06 जून 26 (RHNN) : युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित शिमला क्रिकेट कार्निवल के पहले चरण का रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। हिमालयन स्पोर्ट्स एंड कल्चरल यूथ सोसायटी शिमला की ओर से आयोजित इस खेल महाकुंभ में शहर के 34 नगर निगम वार्डों की 42 टीमों ने हिस्सा लेकर खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। दोनों नेताओं ने आयोजन को युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाला सराहनीय प्रयास बताया।
प्रतियोगिता को चार ज़ोन में विभाजित कर मुकाबले करवाए गए। कई दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद चारों ज़ोन से विजेता और उपविजेता टीमें सामने आईं। आयोजन समिति ने विजेता टीमों को 44-44 हजार रुपये और उपविजेता टीमों को 22-22 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। कार्निवल के दौरान खिलाड़ियों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया। सभी प्रतिभागियों को खेल किट उपलब्ध कराई गई, वहीं भोजन की व्यवस्था भी आयोजन समिति की ओर से की गई। खिलाड़ियों और दर्शकों की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को सफल बनाया। आयोजकों ने कहा कि ‘नशा छोड़ो-खेल खेलो’ अभियान के तहत शुरू किया गया यह कार्निवल युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

