RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

रग्बी को जमीनी स्तर पर बढ़ावा, 100 से अधिक युवा प्रशिक्षित; अंडर-18 टीम की तलाश तेज

शिमला,12 जून 26 (RHNN) : हिमाचल प्रदेश में रग्बी खेल को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत अब तक 100 से अधिक युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। रग्बी एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश (RAHP) द्वारा एसजेवीएन के सहयोग से आयोजित निःशुल्क जिला स्तरीय विकास शिविरों के माध्यम से राज्य में अंडर-18 रग्बी टीम के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अब तक नालागढ़ और मंडी जिलों में दो शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किए गए हैं, जिनमें कुल लगभग 105 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें 25 लड़कियां और 80 लड़के शामिल हैं। सभी प्रतिभागियों को बेसिक कॉन्टैक्ट रग्बी का प्रशिक्षण दिया गया तथा खेल के नियमों और तकनीकों की जानकारी भी प्रदान की गई।

एसोसिएशन का उद्देश्य रग्बी को स्कूल और ग्रामीण स्तर तक पहुंचाकर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। प्रत्येक शिविर से चयनित खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय ट्रायल के लिए बुलाया जाएगा। आगामी शिविर 15-16 जून को कुल्लू के निरमंड, 16-17 जून को बिलासपुर तथा इसके बाद शिमला में आयोजित होंगे। अंतिम चयन ट्रायल 21 जून को शिमला में होगा, जिसके बाद टीम जुलाई में हैदराबाद में होने वाली राष्ट्रीय रग्बी चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी।

Related posts