शिमला, 15 जून 26 (RHNN) : शिमला के सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की मौत के बाद शहर में गहरा रोष देखा जा रहा है। लोगों ने इस घटना के खिलाफ सड़कों पर उतरकर न्याय की मांग की है। मनीषा मित्तल ने पहले भी अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई थी, लेकिन उन्हें समय रहते सुरक्षा नहीं मिल पाई। इस बीच शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने इस घटना को बेहद दु:खद बताया। ठाकुर ने कहा कि उन्होंने पूरे मामले की एक विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। जो भी आरोपी या लापरवाही के दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
बता दें कि राजधानी शिमला के भट्टाकुफर क्षेत्र स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद से पुलिस जांच जारी है, लेकिन अब तक आरोपियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। इस बीच मामले को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। मनीषा मित्तल ने अपनी हत्या से पहले सार्वजनिक रूप से अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी जान को खतरा होने की बात कही थी। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से भी उन्होंने अपने भाई से अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका व्यक्त की थी। यही कारण है कि घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि जब उन्होंने पहले ही खतरे की आशंका जताई थी तो उनकी सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए।

