शिमला, 20 जून (rhnn) : दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता से राजभवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संस्थान द्वारा देश-विदेश में संचालित आध्यात्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी देते हुए आगामी भगवान शिव कथा में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि संस्थान आध्यात्मिक सत्संग, संस्कारशालाओं, नारी सशक्तिकरण, युवा जागरूकता, नशा मुक्ति अभियान और पर्यावरण संरक्षण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है। संस्थान का उद्देश्य आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से व्यक्ति के नैतिक, मानसिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा देना है। बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को 29 जून से शिमला के खलीनी स्थित
क्योंथल बैंक्वेट हॉल में आयोजित होने वाली भगवान शिव कथा के लिए औपचारिक आमंत्रण दिया और कार्यक्रम में सहभागिता का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान द्वारा संचालित कामधेनु गौशाला की गतिविधियों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गौशाला में देसी गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने संस्थान द्वारा समाजहित में किए जा रहे आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संस्थान को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से स्वामी गिरिधरानंद एवं स्वामी धीरानंद सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

