शिमला, 22 जून (rhnn) : भाजपा नेता एवं प्रदेश आईटी एवं सोशल मीडिया प्रभारी चेतन सिंह बरागटा ने कांग्रेस सरकार पर लोकतंत्र की धज्जियाँ उड़ाने और राजनैतिक षड्यंत्र रचने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस विषय को लेकर उन्होंने एसडीएम कोटखाई से भी मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।
चेतन बरागटा ने कहा कि नगर पंचायत कोटखाई के चुनाव 17 मई 2026 को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो चुके हैं तथा चुनाव परिणाम घोषित हुए एक माह से अधिक समय बीत चुका है। इसके बावजूद अभी तक अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव नहीं करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य नगर निकायों में यह प्रक्रिया समय पर पूरी हो चुकी है, जबकि कोटखाई में अब तक चुनाव लंबित हैं।
उन्होंने कहा कि जनता अपना जनादेश दे चुकी है और निर्वाचित पार्षद अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए तैयार हैं। ऐसे में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव में लगातार हो रही देरी से नगर पंचायत के नियमित कार्यों और विकास संबंधी गतिविधियों पर भी प्रभाव पड़ रहा है।
बरागटा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के जनादेश का सम्मान सर्वोपरि है तथा जनादेश के अनुरूप सभी संवैधानिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि नगर पंचायत कोटखाई में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव बिना किसी और विलंब के शीघ्र सम्पन्न करवाए जाएं, ताकि निर्वाचित निकाय पूर्ण रूप से कार्य करना शुरू कर सके और क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिल सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा और शीघ्र चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न करवाएगा।

