शिमला, 18 जुलाई (rhnn) : हिमाचल प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की टीम ने शिकायत के आधार पर जुन्गा तहसील के दो आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। आयोग की अध्यक्षा अनीता ठाकुर के नेतृत्व में सदस्य समीक्षा ठाकुर और नेहा कौशल ने स्टाफ सदस्य कविता के साथ आंगनबाड़ी केंद्र पुजारली (धमेची) और गांव डगाह का जायजा लिया। यह निरीक्षण यूथ एनलाइटनमेंट सोसायटी, हिमाचल प्रदेश से प्राप्त शिकायत के आधार पर किया गया। इस दौरान आयोग की टीम ने दोनों केंद्रों में बच्चों को दी जा रही प्री-स्कूल शिक्षा, पूरक पोषण आहार, स्वच्छता व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव और महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जांच की।
आयोग के सदस्यों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर शिकायत में उठाए गए बिंदुओं की तथ्यात्मक जांच की। साथ ही केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं का भौतिक निरीक्षण भी किया। जहां कमियां पाई गईं, वहां संबंधित अधिकारियों को उन्हें जल्द दूर करने और सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए। आयोग की अध्यक्षा अनीता ठाकुर ने कहा कि बच्चों के अधिकारों, पोषण, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयोग शिकायतों पर निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे निरीक्षण भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

