RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़नारी शक्तिलोकमंच

पोर्टमोर स्कूल की 500 छात्राओं ने लिया नशामुक्त हिमाचल का संकल्प

शिमला, 18 जुलाई (rhnn) : राजकीय मॉडल कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पोर्टमोर के सभागार में ‘एंटी चिट्टा अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय की करीब 500 छात्राओं और अध्यापकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को चिट्टा (हेरोइन) समेत अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित ठाकुर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, आर्थिक और कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और भविष्य को भी प्रभावित करती है। उन्होंने छात्राओं से नशे से दूर रहने, सकारात्मक संगति अपनाने और खेल, योग व रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। इस दौरान छात्राओं ने नशे से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे, जिनका अमित ठाकुर और उनकी टीम ने जवाब दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जय देव नेगी ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं और अध्यापकों ने नशामुक्त एवं चिट्टामुक्त हिमाचल के निर्माण की सामूहिक शपथ ली।

Related posts