शिमला, 14 अगस्त (rhnn) : राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला (RKMV) में नवागंतुक छात्राओं के स्वागत के लिए गुरुवार को फ्रेशर पार्टी ‘ELARA-2026’ का आयोजन किया गया। महाविद्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने रैंप वॉक, नृत्य, गायन और सवाल-जवाब के जरिए अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में वंशिता ने मिस फ्रेशर RKMV-2026 का ताज अपने नाम किया। अक्षरा फर्स्ट रनरअप और ओनस सेकंड रनरअप रहीं। कार्यक्रम में MSHIPA शिमला की निदेशक रूपाली ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मिस फ्रेशर जैसी प्रतियोगिताएं केवल शारीरिक सुंदरता का मंच नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और प्रतिभा को सामने लाने का अवसर हैं। उन्होंने छात्राओं से महाविद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं ऑलराउंडर बनने का प्रयास करें, अपने सपनों को ऊंची उड़ान दें और उन्हें पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करें। उन्होंने छात्राओं को हर प्रकार के नशे से दूर रहने की भी अपील की।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनुरिता सक्सेना ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद, एनसीसी, एनएसएस, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय छात्राओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी कला-कौशल प्रदर्शित करने के लिए निरंतर मंच उपलब्ध करवा रहा है। मिस फ्रेशर प्रतियोगिता को ग्लिटरिंग स्टार, डांसिंग दिवाज, टैलेंट राउंड और क्वेश्चन-आंसर राउंड में बांटा गया था। सभी प्रतिभागियों ने चारों चरणों में शानदार प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में प्रो. शिवानी सूद, डॉ. निशा वर्मा और डॉ. हेमलता शामिल रहीं। कार्यक्रम में कश्मीरी नृत्य, साउथ स्वैग, बॉलीवुड डांस, लावणी, डांडिया, पंजाबी और हरियाणवी प्रस्तुतियों के साथ देशभक्ति गीतों ने भी खूब समां बांधा। छात्राओं की प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों से गूंज उठा। दिपाली को मिस कॉन्फिडेंट और छवि को मिस टैलेंटेड चुना गया। कार्यक्रम में अभिभावक शिक्षक संघ के प्रधान एवं सदस्य, उप प्राचार्य डॉ. सुभाष कापटा, डॉ. कार्तिकेय चौहान, डॉ. सुरेंद्र शर्मा सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। प्राचार्या डॉ. अनुरिता सक्सेना ने सभी विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

