RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

संजौली में पहुंची विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम, 315 लोगों की जांच; 144 की बनी आभा आईडी

शिमला, 19 अगस्त (rhnn) : स्वास्थ्य सुविधाओं को लोगों के नजदीक पहुंचाने के उद्देश्य से संजौली में आयोजित आयुष्मान आरोग्य शिविर में 315 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और नगर निगम शिमला की ओर से आयुष्मान आरोग्य मंदिर के कम्युनिटी हॉल में आयोजित शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों ने लोगों की जांच की। शिविर में ऑर्थोपेडिक्स, नेत्र रोग, ईएनटी और मेडिसिन विशेषज्ञों ने मरीजों को परामर्श दिया। इस दौरान 170 लोगों के शुगर और एचबी टेस्ट किए गए। वहीं 70 लोगों के वीडीआरएल-एचआईवी और हेपेटाइटिस टेस्ट किए गए। 43 मरीजों के हैंडहेल्ड एक्स-रे भी किए गए। जांच के बाद जरूरत के अनुसार मरीजों को निशुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं।

शिविर की एक अहम उपलब्धि 144 लोगों की आभा आईडी बनना रही। इससे लोगों के स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने और भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने में मदद मिलेगी। शिविर का शुभारंभ शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से लोगों को अस्पताल जाने की परेशानी से बचाते हुए प्राथमिक स्तर पर स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला डॉ. यशपाल रांटा ने कहा कि शिविरों का उद्देश्य बीमारियों की समय पर पहचान के साथ लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने लोगों से संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की अपील की।

Related posts