शिमला, 28 अगस्त (rhnn) : प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में नन्हे मरीजों के लिए इलाज का माहौल अब और खुशनुमा बनाया गया है। अस्पताल प्रशासन ने बी-ब्लॉक का उन्नयन करते हुए बच्चों के वार्डों को रंगीन और बाल-मित्र स्वरूप दिया है। वार्डों की दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी और रंगीन सजावट की गई है, ताकि अस्पताल आने वाले बच्चों में डर कम हो और इलाज के दौरान उन्हें सकारात्मक माहौल मिल सके। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों और तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बी-ब्लॉक के आधारभूत ढांचे, स्वच्छता और वार्डों के रखरखाव में भी सुधार किया है। मरीजों को सुरक्षित, स्वच्छ और आरामदायक वातावरण उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव ने कहा कि आईजीएमसी में गुणवत्तापूर्ण उपचार के साथ मरीजों के समग्र अनुभव और संतुष्टि को बेहतर बनाना भी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भविष्य में भी विभिन्न वार्डों और अन्य क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से सुधार कार्य जारी रहेंगे, ताकि मरीजों को बेहतर सुविधाओं के साथ सकारात्मक और मरीज-मित्र वातावरण मिल सके।

