शिमला, 16 जुलाई(rhnn) : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को शिमला में स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। बैठक में जिला अस्पतालों और सरकारी चिकित्सा संस्थानों में आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने, रिक्त पदों पर भर्ती में तेजी लाने तथा गुणवत्तापूर्ण दवाओं की समयबद्ध खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर, कुल्लू, ऊना, सोलन, धर्मशाला और पालमपुर, जिला अस्पताल किन्नौर तथा डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, नाहन में 1.5 टेस्ला एमआरआई मशीनें स्थापित की जाएंगी। वहीं प्रदेश के सभी सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों को अत्याधुनिक 3 टेस्ला एमआरआई मशीनों से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली जांच सुविधा अपने ही जिले में उपलब्ध हो सकेगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि महिलाओं में स्तन कैंसर की समय पर पहचान और बेहतर जांच सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला अस्पताल नाहन एवं हमीरपुर तथा क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर, सोलन और धर्मशाला में डिजिटल मैमोग्राफी मशीनें स्थापित की जाएंगी। दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से सरकार 42 हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों की खरीद कर रही है। इनमें से 14 मशीनें प्राप्त हो चुकी हैं, जबकि शेष मशीनें जल्द उपलब्ध होंगी। इनका उपयोग विशेष रूप से छाती की जांच और टीबी की शीघ्र पहचान के लिए किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और तकनीशियनों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश के सभी सात सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में आवश्यक स्टाफ की शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण दवाओं की खरीद निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश भी दिए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

