शिमला, 01 सितंबर (rhnn) : राजधानी शिमला के टैक्सी ऑपरेटरों ने मंगलवार को एक सितंबर को चालक दिवस के रूप में मनाते हुए अपने कारोबार से जुड़ी समस्याओं और मांगों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया। राजधानी टैक्सी मैक्सी ऑपरेटर वेलफेयर सोसायटी की ओर से खलीनी में आयोजित कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान सोसायटी की ओर से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में टैक्सी चालक और ऑपरेटर मौजूद रहे। चालक दिवस के अवसर पर टैक्सी चालकों ने अपने पेशे से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा करते हुए सरकार से राहत देने की मांग उठाई।
राजधानी टैक्सी मैक्सी ऑपरेटर वेलफेयर सोसायटी, जिला शिमला ने मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से टैक्सी चालकों और वाहन मालिकों से संबंधित विभिन्न मांगों व समस्याओं के समाधान की मांग की गई। ऑपरेटरों ने कहा कि टैक्सी कारोबार से जुड़े लोगों को कई तरह की व्यावहारिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिनके समाधान के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने टैक्सी ऑपरेटरों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में चालक दिवस को समर्पित गतिविधियों के साथ टैक्सी चालकों के हितों और उनके योगदान पर भी चर्चा की गई।

