शिमला-04 अप्रैल (RHNN) : आज नवरात्रि का तीसरा दिन है। नवरात्रि में दुर्गा-उपासना के तीसरे दिन की पूजा का अत्याधिक महत्व है। इस दिन देवी दुर्गा के चंद्रघंटा स्वरूप की अराधना की जाती है। पौराणिक ग्रंथों में मां चंद्रघंटा को अलौकिक शक्तियां दिलाने वाली देवी माना गया है। ऐसा माना जाता है, माता रानी का चंद्रघंटा स्वरूप भक्तों पर कृपा करती है और निर्भय और सौम्य बनाता है।
शास्त्रों के मुताबिक, माता चंद्रघंटा को राक्षसों की वध करने वाला कहा जाता है। ऐसा माना जाता है मां ने अपने भक्तों के दुखों को दूर करने के लिए हाथों में त्रिशूल, तलवार और गदा रखा हुआ है। माता चंद्रघंटा के मस्तक पर घंटे के आकार का अर्धचंद्र बना हुआ है, जिस वजह से भक्त मां को चंद्रघंटा कहते हैं। मां चंद्रघंटा को दूध से बनी चीजों का भोग लगाया जाता है, मां को केसर की खीर और दूध से बनी मिठाई का भोग लगाना चाहिए। पंचामृत, चीनी व मिश्री भी मां को अर्पित करनी चाहिए। आइए जानें मां चंद्रघण्टा के पूजन की विधि और मंत्र
मां चंद्रघण्टा की पूजन विधि
नवदुर्गा की तीसरा रूप मां चंद्रघण्टा है, इनका पूजन नवरात्रि के तीसरे दिन किया जाता है। इस दिन सुबह स्नान आदि से निवृत्त हो कर लकड़ी की चौकी पर मां की मूर्ति को स्थापित करें। मां चंद्रघण्टा को धूप, दीप, रोली, चंदन, अक्षत अर्पित करें। मां को लाल रंग के पुष्प और लाल सेब चढ़ाना चाहिए। मां चंद्रघण्टा को दूध या दूध की खीर का भोग लगाना चाहिए। इसके बाद दुर्गा सप्तशती का पाठ करके मां चंद्रघण्टा के मंत्रों का जाप करना चाहिए। पूजन का अंत मां की आरती गा कर किया जाता है। मां के पूजन में घण्टा जरूर बजाएं, ऐसा करने से आपके घर की सभी नकारात्मक और आसुरी शक्तियों का नाश होता है।