शिमला-20 सितंबर (rhnn) : राजधानी शिमला के मालरोड स्थित बैंटनी कैसल का बुधवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शुभारंभ करेंगे। बता दें कि बैंटनी कैसल का निर्माण कैप्टन अंग्रेज अफसर बैंटनी ने वर्ष 1830 में एक कॉटेज के रूप में कराया था। वर्ष 1880 में महाराजा सिरमौर ने इसका पुनर्निर्माण करवाया। वर्ष 1968 में इसे लोअर बाजार के व्यक्ति ने 3.50 लाख रुपये में खरीद लिया। इसके बाद हिमाचल प्रदेश सरकार ने वर्ष 2017 में 27.84 करोड़ में बैंटनी कैसल का अधिग्रहण किया। इसके जीर्णोद्धार पर लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। बैंटनी कैसल में विभिन्न दीर्घाओं में महात्मा गांधी की शिमला यात्राओं, डॉ. यशवंत सिंह परमार और सत्यानंद स्टोक्स के जीवनवृत्त, शहर के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन और जन-जातीय क्षेत्र स्पीति की संस्कृति को दर्शाया है। इसके अलावा हर रोज शाम को लाइट एंड साउंड शो में शिमला के गौरवमयी इतिहास से जुड़ी जानकारी दिखाई जाएगी। सीटीओ से महज 50 मीटर की दूरी पर यह ऐतिहासिक धरोहर है। संग्रहालय सुबह 10 से शाम 5 बजे तक खुला रहेगा। लाइट एंड साउंड शो शाम 7:30 से 8:00 बजे तक चलेगा।