शिमला-17 अक्टूबर (rhnn) : मौसम विभाग के अलर्ट के बीच हिमाचल में बर्फबारी व बारिश का क्रम जारी है। सोमवार को प्रदेश की ऊंची चोटियों ने जहां बर्फबारी की चादर ओढ़ ली, तो वहीं निचले क्षेत्रों में बारिश हुई है।ताजा हिमपात के बाद प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है। शिमला के श्राई कोटि, हाटू, चूड़धार, शिरगुल, मंडी के शिकारी माता मंदिर सहित किन्नौर, चंबा, लाहुल-स्पीति और कांगड़ा के धौलाधार की ऊंची पहाडिय़ों पर भी हिमपात हुआ। इससे पूरे प्रदेश में सर्दी ने समय से पहले ही दस्तक दे दी है। बारिश व बर्फबारी के चलते अक्तूबर में ही दिसंबर जैसी ठंड लौट आई है। मनाली के मुख्य पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रा में भी बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। बर्फबारी के कारण फिलहाल रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बंद कर दिया है। पर्यटकों को मढ़ी तक जाने दिया जा रहा है। उधर, अटल टनल में भी बर्फबारी हुई। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल अटल टनल में भी सीजन का पहला हिमपात है। बारिश-बर्फबारी के बाद अधिकांश शहरों के तापमान में छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। केलांग का तापमान सबसे कम 1.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढक़ गया। कुकुमसेरी का 2.2 डिग्री, नारकंडा सात डिग्री, कुफरी मनाली 6.2 डिग्री और कल्पा तीन डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिर चुका है।