RHNN
Uncategorized ट्रेंडिंग न्यूज़ लोकमंच

कांग्रेस में बागी नेताओं की होगी वापिसी, मिशन-2024 की तैयारी

शिमला-06 दिसंबर (rhnn) : लोकसभा चुनाव से पहले हिमाचल की राजनीति में एक बार फिर बड़ा फेरबदल होने वाला है। लोकसभा की चारों सीटें जितने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी में संगठनात्मक बदलाव होगा। संगठन सूत्रों की मानें तो निष्कासित पदाधिकारियों को पद मुक्त किया जाएगा। तो दूसरी तरफ बागी नेताओं की संगठन में वापसी होगी। दोनों इसी महीने इस पर बड़ा फैसला लिया जाएगा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह मंडी दौरे से वापिस आने के बाद पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेगी। विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ बगावत कर निर्दलीय चुनावी मैदान में उतरने वाले व चुनाव में कांग्रेस के बजाए अन्य दलों का साथ देने वालों को पार्टी ने 6 साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया था। इनमें चौपाल के पूर्व विधायक डॉ. सुभाष मंगलेट, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, पूर्व सीपीएस जगजीवन पाल, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष बुद्धी सिंह ठाकुर, परसराम सहित दो दर्जन के करीब नेता ऐसे हैं जिन्हें पार्टी से निष्कासित किया गया है। कुछ ऐसे भी नेता है जो कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में गए थे। अब वह दोबारा कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

कांग्रेस पार्टी ने इसको लेकर सूची तैयार करने का काम शुरू कर दिया है। सूची तैयार होने के बाद इस मामले को कांग्रेस पार्टी अनुशासन समिति को भेजा जाएगा। अनुशासन समिति इस पर निर्णय लेगी व अनुशंसा के लिए यह मामला पीसीसी को भेजेगी। सूत्रों की मानें तो पार्टी पहले आवेदन भी मांग सकती है।

मिशन-2024 की तैयारियों में जुटी प्रदेश कांग्रेस पार्टी संगठन को चुस्त दुरुस्त करने में जुटी हुई है। इसके लिए संगठन में पुराने लोगों को जोड़ा जा रहा है। पार्टी का कहना है कि टिकट न मिलने से नाराज लोग कई बार ऐसा कदम उठा लेते हैं। उनके साथ कई अन्य समर्थक भी पार्टी छोड़ देते हैं। इससे संगठन को चुनावों में नुकसान होता है। इन लोगों का जनता के बीच अच्छा खासा जनाधार भी होता है। इसी आधार पर संगठन में इनकी दोबारा वापसी की जाएगी। हिमाचल में लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। 2014 व 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रदेश की चारों सीटों पर हारी थी। हालांकि 2022 में उप चुनाव में मंडी सीट पर जीत हासिल की थी। अब संगठन को मजबूत करने के लिए फिर से तैयारी की जा रही है।

Related posts