ऊना/शिमला-29 मई (rhnn) : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि वे शहीद परिवार की बेटी और पोती हैं। सैनिकों और शहीदों का दुख दर्द जानती हूं लेकिन मोदी ने शहीदों को अपने राजनीतिक लाभ के लिए दो श्रेणियों में बांटकर रख दिया। ऊना के नारी चलौरा और आर्मी ग्राउंड गगरेट में रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी ने अग्निवीर योजना लाकर देश के नौजवानों के भविष्य के साथ छल किया। इंदिरा गांधी देश के लिए शहीद हो गईं और भाजपा के नेता कहते हैं कि वह देशद्रोही हैं। सेना की मजबूती के लिए उन्होंने काम किया। पाक को तोड़कर बांग्लादेश बनाया, हरित क्रांति लाई। उन्होंने कभी अहंकार नहीं किया। धर्म जाति और क्षेत्रवाद के नाम पर वोट नहीं मांगा। शहीदों का मोदी की तरह ऐसी योजनाएं लाकर अपमान नहीं किया।
अगर कोई अग्निवीर सरहद पर शहीद हो जाता है तो परिवार को कुछ भी नहीं मिलेगा, पेंशन भी नहीं मिलेगी। पिछले 10 वर्षों में धर्म, क्षेत्र और संप्रदाय के नाम पर मोदी ने देश की जनता को बांटने का काम किया। सत्ता के लिए धनबल का इस्तेमाल हो रहा है। भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा ने चंदे के नाम पर हजारों करोड़ बना डाले हैं। भ्रष्टाचार को लेकर बार-बार बात करने वाली भाजपा पिछले 10 वर्षों में ही विश्व की सबसे अमीर पार्टी कैसे बन गई। कांग्रेस पार्टी ने भी देश में 55 साल राज किया, लेकिन उनकी पार्टी कभी इतनी अमीर नहीं बन पाई। यह आंकड़े बोल रहे हैं। भाजपा का धनबल के जरिये देश में सत्ता हासिल करना ही एकमात्र मकसद रह गया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि यही फर्क भाजपा और कांग्रेस की विचारधारा में है। यह चुनाव देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। भाजपा ने जिस तरह देश के संविधान और लोकतंत्र का गला घोंटा है, वह देश के लिए ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपदा के समय एक बार भी हिमाचल नहीं आए। आपदा के राहत कार्यों के लिए केंद्र की तरफ से प्रदेश के लिए एक रुपया नहीं आया। मोदी ने अपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं किया। सारी राहत प्रदेश सरकार की ओर से दी गई। प्रियंका ने कहा कि मोदी व अमित शाह ने प्रदेश की चुनी हुई सरकार को गिराने की कोशिश की। धनबल के साथ चोरों की तरह विधायकों को कभी यहां, कभी वहां छिपाया। यह लोकतंत्र के खिलाफ सबसे बड़ा अपराध जनता की आंखों के सामने करने की कोशिश हुई। यह हमारे नेताओं की दृढ़ता थी कि सरकार एकजुट रही।