शिमला, 07 फरवरी 26 (RHNN) : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने शिमला से संगठन को लेकर सख्त और स्पष्ट राजनीतिक संदेश देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुटता का आह्वान किया है। शिमला शहरी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह के पदभार ग्रहण समारोह में उन्होंने साफ कहा कि संगठन सृजन के तहत पार्टी को संघर्षशील, अनुभवी और कर्मठ नेतृत्व मिला है, अब किसी भी तरह की गुटबाजी या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चेताते हुए कहा कि पार्टी के हर दिशानिर्देश का पालन करना होगा और जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह के साथ मजबूती से खड़ा रहना होगा।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में विनय कुमार ने कहा कि राजधानी शिमला राजनीतिक रूप से अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण जिला है, यहां से उठने वाली हर आवाज प्रदेश ही नहीं, देश की राजनीति तक असर डालती है। उन्होंने कहा कि इंद्रजीत सिंह ने व्यापार मंडल अध्यक्ष और नगर निगम पार्षद के रूप में अपनी प्रशासनिक व संगठनात्मक क्षमता साबित की है, अब उन्हें कांग्रेस संगठन को जमीन पर मजबूत करने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी संगठन को लेकर दो टूक बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी और जनहित सर्वोपरि हैं और इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में शिमला शहर में कांग्रेस संगठन को धारदार बनाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन या जनता के हित में जब भी आवश्यकता होगी, सरकार और संगठन पूरी तरह साथ खड़े रहेंगे। शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा ने कहा कि जिलाध्यक्ष पद केवल सम्मान नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संगठन का आदेश सर्वोपरि है और संघर्ष के रास्ते पर सभी को एकजुट होकर चलना होगा। नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने इंद्रजीत सिंह को सामाजिक सरोकारों से जुड़ा कर्मठ नेता बताते हुए कहा कि अब वह शिमला शहर में कांग्रेस के संगठनात्मक चेहरे होंगे।
उन्होंने कहा कि निगम में पद पर होने के बावजूद वह एक कार्यकर्ता के रूप में जिलाध्यक्ष के नेतृत्व को स्वीकार करते हैं।
कार्यक्रम में भावुक हुए नवनियुक्त जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि वह पार्टी के साधारण कार्यकर्ता हैं और एनएसयूआई से लेकर नगर निगम तक संगठन के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने हाईकमान और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि वह गुटबाजी से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत करेंगे और पार्टी के भरोसे पर खरा उतरेंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और विधायक हरीश जनारथा ने जिलाध्यक्ष कार्यालय में इंद्रजीत सिंह को कुर्सी पर बैठाकर औपचारिक रूप से जिम्मेदारी सौंपी और मुंह मीठा कराकर शक्ति प्रदर्शन के साथ संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया।

