RHNN
ट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

बजट को पेंशनर्स विरोधी बताकर गरजे कर्मचारी-पेंशनर्स, 30 मार्च को विधानसभा तक रैली का ऐलान

शिमला, 24 मार्च 26 (RHNN) : जिला शिमला संयुक्त संघर्ष समिति और जिला शिमला पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की संयुक्त बैठक मंगलवार को शिमला के कालीबाड़ी स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक मोहन ठाकुर ने की। बैठक में जिला शिमला के 12 ब्लॉकों के साथ रामपुर और शिमला शहरी इकाइयों के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक में हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा ने 21 मार्च को विधानसभा में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट को पेंशनर्स, कर्मचारियों और युवाओं के लिए निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब कर्मचारियों को राहत देने के बजाय उनके वेतन से उल्टी कटौती का प्रावधान किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2021 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स की लंबित देनदारियों का बजट में कोई जिक्र नहीं किया गया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

भूप राम वर्मा ने कहा कि पेंशनर्स की मांगों की अनदेखी के विरोध में 30 मार्च को डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक से विधानसभा तक विशाल रैली निकाली जाएगी। इस रैली में संयुक्त संघर्ष समिति से जुड़े 18 संगठन भाग लेकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने सभी पेंशनर्स से इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष गंगा राम शर्मा, जिला अध्यक्ष भागचंद चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप राम शर्मा, शहरी इकाई के अध्यक्ष मदन शर्मा, महासचिव सुभाष वर्मा, ठियोग खंड के अध्यक्ष मोहन दास, कोटखाई खंड के दलीप जस्ता, कुमारसैन खंड के हरदयाल ठाकुर, मशोबरा खंड के अध्यक्ष रतन ठाकुर, रामपुर ब्लॉक के महासचिव अमोलक राम नेगी और सुन्नी ब्लॉक के अध्यक्ष ऋतुराज सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। बैठक के दौरान विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्षों और महासचिवों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य सलाहकार हरिचंद गुप्ता, गुलाब ठाकुर, मीडिया प्रभारी सैन राम नेगी, प्रेस सचिव लायक राम शर्मा, कार्यालय सचिव रमेश ठाकुर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।चैत्र नवरात्र के अवसर पर संयुक्त संघर्ष समिति के पेंशनर्स ने भंडारे का आयोजन भी किया और माता रानी से सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।

Related posts