शिमला, 30 मार्च 26 (RHNN) : सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के पुनर्जागरण के उद्देश्य से विश्व जागृति मिशन द्वारा 14 से 17 अप्रैल तक शिमला के चौड़ा मैदान स्थित होटल पीटरहॉफ में चार दिवसीय भव्य सत्संग एवं प्रवचन श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम पूज्य सुधांशु जी महाराज के सान्निध्य में “सनातन संस्कृति जागरण अभियान” के अंतर्गत आयोजित होगा।
विश्व जागृति मिशन हिमाचल प्रदेश के संयोजक अखिलेश कपूर ने बताया कि इस सत्संग में महाराजश्री के दिव्य प्रवचन, भजन-कीर्तन, ध्यान साधना और गीता ज्ञान के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि अभियान ‘स्व से सर्वस्व’ की भावना पर आधारित है, जो व्यक्ति की आत्मिक जागृति के साथ समाज सेवा की प्रेरणा देता है। वर्तमान समय में संस्कारों और आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए ऐसे आयोजनों की विशेष आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि शिमला के बाद यह आध्यात्मिक यात्रा प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी आयोजित की जाएगी। कुल्लू के ढालपुर में 7 से 10 मई तक भव्य सत्संग होगा, जबकि मनाली में 11 मई से 10 जून तक चान्दरायण तप साधना एवं ध्यान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सुंदरनगर में 11 से 14 जून तक दिव्य गीता सत्संग का आयोजन प्रस्तावित है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1991 में स्थापित विश्व जागृति मिशन सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आध्यात्मिक जागरण के क्षेत्र में देश-विदेश में सक्रिय है। कार्यक्रम के दौरान शिमला मंडल प्रधान हरिचंद गुप्ता, महामंत्री नवीन गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजीव कुठियाला और सदस्य ओ.पी. कायस्थ भी उपस्थित रहे।

