RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

उपायुक्त ने वीसी के माध्यम से जांची चुनावी तैयारियां

शिमला, 05 मई 26 (RHNN) : जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कहा कि आगामी स्थानीय निकाय चुनाव तथा पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में किसी भी प्रकार की गलती न हो। किसी भी दुविधा के समाधान के लिए राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों का अनुसरण करें या फिर जिला मुख्यालय में संपर्क करें। अनुपम कश्यप आज जिला के सभी एसडीएम और खण्ड विकास अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से चुनाव संबंधी तैयारियों का जायजा ले रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव संबंधी सामग्री का आवंटन 9 और 10 मई, 2026 को किया जाएगा जिसके लिए सभी अधिकारी अपनी तैयारी पूरी कर लें और चुनाव सामग्री को सुरक्षित स्थान पर रखना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि सभी मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा लगवाना सुनिश्चित करें और कम से कम एक मतदान केंद्र की वेबकास्टिंग करवाना सुनिश्चित करें जिसमें संवेदनशील मतदान केंद्रों को प्राथमिकता दी जाए। बैठक में बताया गया कि जिला में मतदाता सूची के संबंध में कहीं भी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है और चुनाव संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में सेक्टर अधिकारियों की तैनाती कर की गई है और नियंत्रण कक्ष भी स्थापित कर दिए गये हैं। इसके अतिरिक्त, चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों को पहला प्रशिक्षण भी प्रदान कर दिया गया है।

उपायुक्त ने दूर दराज क्षेत्रों में स्थापित मतगणना केंद्रों में बिजली के वैकल्पिक साधनों की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिस भी क्षेत्र से चुनाव के दृष्टिगत जो भी मांग प्राप्त हुई है उसको जल्द पूरा कर दिया जाएगा ताकि चुनाव संपन्न करवाने में किसी भी प्रकार की कोई समस्या का सामना न करना पड़े। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा, उपमंडल दण्डाधिकारी शिमला शहरी ओशीन शर्मा, सहायक आयुक्त देवी चंद ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी विनय रुड़की सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related posts