RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

एचपीयू और कॉस्मो फेराइट्स के बीच समझौता, हरित ऊर्जा व नई तकनीकों पर होगा शोध

शिमला,23 मई 26 (RHNN) : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय और कॉस्मो फेराइट्स लिमिटेड के बीच उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस सहयोग का उद्देश्य हरित ऊर्जा, उन्नत चुंबकीय सामग्री, नैनोटेक्नोलॉजी और सतत प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में अनुसंधान एवं नवाचार को नई दिशा देना है। एमओयू पर कुलपति प्रो. महावीर सिंह, कंपनी के महाप्रबंधक संजीव कटोच और वरिष्ठ प्रबंधक (आरएंडडी) डॉ. पलाश हलदर की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य, शोधार्थी और छात्र भी उपस्थित रहे।

कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने कहा कि यह पहल विश्वविद्यालय और उद्योग जगत के बीच लंबे समय से मौजूद दूरी को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अब विश्वविद्यालयों को केवल सैद्धांतिक शिक्षा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उद्योगों के साथ मिलकर वास्तविक तकनीकी चुनौतियों के समाधान विकसित करने चाहिए। कॉस्मो फेराइट्स लिमिटेड के महाप्रबंधक संजीव कटोच ने कहा कि यह सहयोग फेराइट आधारित प्रौद्योगिकियों, ईवी मोटर, ईएमआई शील्डिंग और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में नए शोध को बढ़ावा देगा। उन्होंने फेराइट सामग्री को दुर्लभ मृदा तत्वों का किफायती और टिकाऊ विकल्प बताया। एमओयू के तहत दोनों संस्थान फेराइट नैनोमटेरियल, ईवी पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, उन्नत चुंबकीय सामग्री, एंटीना तकनीक और सतत प्रौद्योगिकियों पर संयुक्त शोध करेंगे। साथ ही छात्रों के लिए इंटर्नशिप, औद्योगिक प्रशिक्षण, कार्यशालाएं और शोध परियोजनाएं भी संचालित की जाएंगी।

Related posts