शिमला,24 मई 26 (RHNN) : राजधानी शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में रविवार को कला और रंगों का अनूठा संगम देखने को मिला। लुधियाना की प्रसिद्ध कलाकार Manpreet Kaur की एकल कला प्रदर्शनी “स्ट्रोक्स ऑफ लाइफ” का शुभारंभ पूर्व मंत्री Suresh Bhardwaj ने किया। प्रदर्शनी में कलाकार की रचनात्मक सोच और रंगों के बेहतरीन मेल ने कला प्रेमियों को खासा आकर्षित किया। गेयटी थिएटर में दिनभर स्थानीय लोगों, पर्यटकों और युवा कलाकारों की भीड़ लगी रही, जिन्होंने प्रदर्शित कलाकृतियों की जमकर सराहना की। प्रदर्शनी में लगभग 50 पेंटिंग्स प्रदर्शित की गई हैं, जिनमें ऐक्रेलिक, ऑयल, वॉटर कलर और आधुनिक 3डी शैली की कलाकृतियां शामिल हैं। इन चित्रों में हिमालयी प्राकृतिक सौंदर्य, पहाड़ों की शांत वादियां और मानवीय भावनाओं को बेहद जीवंत अंदाज में उकेरा गया है।
कई स्केच और रंग संयोजन दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहे। पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि इस तरह की कला प्रदर्शनियां न केवल कलाकारों को मंच प्रदान करती हैं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मकता को भी नई पहचान देती हैं। कलाकार मनप्रीत कौर का हिमाचल प्रदेश से पारिवारिक जुड़ाव रहा है, जिसका प्रभाव उनकी कला में स्पष्ट दिखाई देता है। इससे पहले वह मनाली, जयपुर, उदयपुर, दिल्ली, लुधियाना और जालंधर समेत कई शहरों में अपनी कला प्रदर्शित कर चुकी हैं। यह प्रदर्शनी 26 मई तक आम जनता के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।

