RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़नारी शक्तिलोकमंच

सर्वसम्मति से बनी नारकंडा नगर पंचायत, विकास को मिलेगी नई रफ्तार : राठौर

शिमला, 16 जून (rhnn) : नारकंडा नगर पंचायत में सभी पदों पर सर्वसम्मति से निर्वाचन होने के बाद विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मंगलवार को विधायक कुलदीप सिंह राठौर की मौजूदगी में शशि कैंथला को नगर पंचायत का चेयरमैन और नरेश कैंथला को वाइस-चेयरमैन चुना गया। इससे पहले पार्षदों का निर्वाचन भी सर्वसम्मति से हुआ था।

इस अवसर पर विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि बिना किसी चुनावी प्रतिस्पर्धा के नगर पंचायत का गठन होना स्थानीय लोगों की एकजुटता और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगे।

राठौर ने कहा कि नारकंडा प्रदेश के प्रमुख पर्यटन और बागवानी क्षेत्रों में शामिल है। क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए 4 करोड़ रुपये की लागत से आइस स्केटिंग रिंक तथा 2 करोड़ रुपये की आधुनिक पार्किंग परियोजना स्वीकृत की गई है। इसके अलावा हाटू पीक तक रोपवे निर्माण के प्रयास भी जारी हैं।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत, सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समन्वय से नारकंडा को एक आदर्श पर्यटन नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। नई नगर पंचायत से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं और विकास कार्यों में तेजी मिलने की उम्मीद है।

Related posts