शिमला, 21 जून (rhnn) : पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टूटू में शनिवार को फेयरवेल एवं फ्रेशर पार्टी का रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह उत्साह, उमंग और यादगार पलों से भरपूर रहा। विद्यालयों में इस तरह के फेयरवेल कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए यादगार विदाई और नए विद्यार्थियों के स्वागत का अवसर होते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य रश्मि राणा और टूटू वार्ड की पार्षद मोनिका भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर छात्रों ने विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। समारोह का सबसे आकर्षक पल तब रहा जब प्रधानाचार्य रश्मि राणा और पार्षद मोनिका भारद्वाज विद्यार्थियों के साथ हिमाचली लोकनृत्य नाटी में शामिल हुईं। शिक्षकों, अतिथियों और विद्यार्थियों ने एक साथ नाटी डालकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और छात्रों ने इस अवसर का भरपूर आनंद उठाया।

