शिमला, 07 जुलाई(rhnn) : वन महोत्सव के अवसर पर चंडीमंदिर छावनी में आयोजित दो दिवसीय वृक्षारोपण अभियान का सोमवार को सफल समापन हो गया। यह अभियान 11 डोगरा और 133 इकोलॉजिकल टास्क फोर्स, मुख्यालय पश्चिमी कमान (प्रादेशिक सेना) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। 11 डोगरा के कार्यालय परिसर के पश्चिमी विंग में आयोजित कार्यक्रम में दोनों इकाइयों के 45 सैनिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न पौधों का रोपण किया।
अभियान के तहत हर्बल गार्डन की स्थापना के साथ औषधीय एवं स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इसका उद्देश्य छावनी के हरित क्षेत्र का विस्तार, सौंदर्यीकरण तथा जैव विविधता के संरक्षण को बढ़ावा देना है। सेना अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और हरित सैन्य परिसरों के निर्माण के प्रति भारतीय सेना की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण में सहयोग देने का आह्वान किया।

