RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

रामपुर कॉलेज से पत्रकारिता विषय बंद, छात्रों में रोष

रामपुर बुशहर/शिमला, 07 जुलाई(rhnn) : जी.बी. पंत राजकीय महाविद्यालय, रामपुर से पत्रकारिता एवं जनसंचार (जेएमसी) विषय को समाप्त किए जाने के फैसले पर विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध जताया है। उनका कहना है कि यह निर्णय किन्नौर, आनी, निरमंड, कुमारसैन और ऊपरी शिमला जैसे जनजातीय व दुर्गम क्षेत्रों के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा के एक महत्वपूर्ण विकल्प को खत्म करने जैसा है। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि रामपुर कॉलेज इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए पत्रकारिता शिक्षा का प्रमुख सरकारी केंद्र रहा है। ऐसे में प्रथम वर्ष में प्रवेश बंद होने से सैकड़ों छात्र प्रभावित होंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब रोहड़ू महाविद्यालय में पत्रकारिता विषय को दोबारा अधिसूचित कर प्रवेश शुरू किए जा सकते हैं, तो रामपुर कॉलेज को इससे वंचित क्यों रखा गया।

उन्होंने यह भी कहा कि महाविद्यालय में अभी पत्रकारिता के द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं तथा नियमित सहायक प्राध्यापक भी उपलब्ध हैं। इसके बावजूद नए प्रवेश बंद करना विभागीय निर्णय पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि डिजिटल दौर में पत्रकारिता एवं जनसंचार रोजगारोन्मुख विषय है, जिससे मीडिया, जनसंपर्क, विज्ञापन, डिजिटल कंटेंट और कॉर्पोरेट क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलते हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार और उच्च शिक्षा विभाग से विषय को तत्काल बहाल कर प्रथम वर्ष में प्रवेश शुरू करने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द निर्णय नहीं बदला गया तो विद्यार्थी, अभिभावक और सामाजिक संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू करेंगे।

Related posts