RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

आकांक्षी विकासखंड कुपवी में विकास कार्यों की प्रगति की केंद्रीय प्रभारी अधिकारी कृतिका कुल्हारी ने की समीक्षा

शिमला, 09 जुलाई(rhnn) : केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण) में उप सचिव तथा आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम (Aspirational Blocks Programme) की केंद्रीय प्रभारी अधिकारी आईएएस अधिकारी कृतिका कुल्हारी ने आज शिमला जिला के आकांक्षी विकासखंड कुपवी का दौरा कर विभिन्न विकासात्मक योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर आयोजित समीक्षा बैठक में जिला विकास अधिकारी शिमला, खंड विकास अधिकारी कुपवी तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (Key Performance Indicators) की विभागवार प्रगति, उपलब्धियों, चुनौतियों तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

कृतिका कुल्हारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन संकेतकों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, उनमें सुधार लाने के लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें तथा नियमित निगरानी और प्रभावी कार्ययोजना के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य आकांक्षी विकास खंडों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, आधारभूत संरचना, वित्तीय समावेशन और आजीविका जैसे क्षेत्रों में समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर कन्वर्जेंस (समन्वय), योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष बल देते हुए कहा कि सभी विभाग साझा जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि प्रत्येक प्रदर्शन संकेतक में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों से नवाचारों को अपनाने तथा परिणामोन्मुखी कार्यशैली के साथ कार्य करने का भी आह्वान किया। बैठक के दौरान सभी विभागों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों, उपलब्धियों, चुनौतियों तथा आगामी कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं एवं उनके समाधान पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने कहा कि आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम का मूल उद्देश्य विकास की गति को तेज करते हुए अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय, नियमित समीक्षा और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा, जिससे कुपवी विकासखंड को विकास के विभिन्न मानकों पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके

Related posts