RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

बारिश का कहर, ऑकलैंड टनल के पास डंगा गिरा, कई वाहन क्षतिग्रस्त

शिमला, 09 जुलाई(rhnn) : राजधानी शिमला में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार को ऑकलैंड टनल के समीप अग्रवाल धर्मशाला के पास बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भारी बारिश के कारण सड़क किनारे बना डंगा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से वहां खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंगा गिरने के साथ भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों का आकलन भी किया जा रहा है। लगातार हो रही बारिश के चलते शहर में भूस्खलन और डंगे गिरने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। साथ ही वाहन सुरक्षित स्थानों पर ही खड़े करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से नुकसान से बचा जा सके।

Related posts