RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

Call Before You Dig” मोबाइल ऐप: सुरक्षित और व्यवस्थित खुदाई की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल – उपायुक्त – सभी विभाग ऐप का करें इस्तेमाल

शिमला, 21 जुलाई (rhnn) : भूमिगत पाइपलाइन, बिजली केबल, गैस लाइन, ऑप्टिकल फाइबर केबल तथा अन्य महत्वपूर्ण उपयोगिता सेवाओं को खुदाई के दौरान होने वाले नुकसान से बचाने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा “Call Before You Dig (CBuD)” मोबाइल ऐप के बारे में विस्तृत कार्यशाला आज बचत भवन में आयोजित की गई। इस कार्यशाला में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बतौर मुख्यातिथि शिकरत की।उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि ‘Call Before You Dig’ ऐप का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब संबंधित विभागों के पास अपने नेटवर्क का सटीक और अपडेटेड डेटा उपलब्ध हो। यदि हमें यह जानकारी ही नहीं होगी कि किसी स्थान के नीचे किस विभाग की लाइन है, तो केवल अलर्ट या नोटिफिकेशन भेजना पर्याप्त नहीं होगा। इसलिए सबसे पहले आवश्यक है कि सभी विभाग अपने-अपने डेटा का डिजिटलीकरण करें और उसे नियमित रूप से अपडेट करें। इसके बाद ही इस एप्लीकेशन का प्रभावी उपयोग संभव होगा।

वर्तमान में यदि कोई खुदाई संबंधी अनुरोध (Query) आता है, तो संबंधित विभाग को अलर्ट प्राप्त होता है और वह उपलब्ध जानकारी के आधार पर उसकी समीक्षा करता है। लेकिन इस पूरी व्यवस्था की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि एप्लीकेशन में उपलब्ध डाटा कितना सटीक, अद्यतन और विश्वसनीय है।उन्होंने कहा कि यह डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म विभिन्न उपयोगिता सेवा प्रदाताओं, सरकारी एजेंसियों, ठेकेदारों और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षित खुदाई सुनिश्चित करता है। यह ऐप दूरसंचार विभाग (Department of Telecommunications – DoT) द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर संचालित किया जा रहा है। ऐप के माध्यम से किसी भी स्थान पर खुदाई शुरू करने से पहले संबंधित क्षेत्र में मौजूद भूमिगत उपयोगिता नेटवर्क की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इससे दुर्घटनाओं, सेवा बाधित होने, आर्थिक नुकसान तथा जनहानि की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

जनहित में अपीलकार्यशाला में उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सभी सरकारी विभागों, स्थानीय निकायों, निर्माण एजेंसियों, ठेकेदारों तथा नागरिकों से आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की खुदाई शुरू करने से पहले “Call Before You Dig (CBuD)” ऐप का उपयोग अवश्य करें। यह एक सरल, सुरक्षित एवं प्रभावी डिजिटल पहल है, जो भूमिगत सार्वजनिक अवसंरचना की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ दुर्घटनाओं और अनावश्यक आर्थिक नुकसान को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा, हिमाचल प्रदेश लाइसेंस अथॉरिटी के निदेशक चंद्रभान यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। ऐप की प्रमुख विशेषताएँ:- खुदाई कार्य शुरू करने से पहले ऑनलाइन सूचना देने की सुविधा।- संबंधित उपयोगिता सेवा प्रदाताओं को स्वतः सूचना प्रेषित होना।- बिजली, गैस, पानी, सीवरेज, दूरसंचार एवं अन्य भूमिगत नेटवर्क की जानकारी उपलब्ध कराना।- जीआईएस (GIS) आधारित लोकेशन मैपिंग।- खुदाई अनुमति प्रक्रिया में पारदर्शिता और समय की बचत।- मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल दोनों माध्यमों से उपयोग की सुविधा।

ऐप से होने वाले लाभ:- भूमिगत केबल एवं पाइपलाइन को नुकसान से बचाव।- बिजली, पानी, गैस एवं इंटरनेट जैसी आवश्यक सेवाओं के बाधित होने की संभावना में कमी।- निर्माण एजेंसियों, विभागों एवं नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय।- दुर्घटनाओं और जन-धन की हानि में कमी।- सुरक्षित, योजनाबद्ध एवं जिम्मेदार खुदाई कार्य को बढ़ावा। कौन कर सकता है उपयोगयह ऐप निर्माण एजेंसियों, सरकारी विभागों, नगर निकायों, पंचायतों, सड़क निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदारों, निजी कंपनियों तथा किसी भी प्रकार की खुदाई करने वाले व्यक्ति या संस्था के लिए उपयोगी है। कैसे करें उपयोग उपयोगकर्ता Google Play Store या Apple App Store से “Call Before You Dig (CBuD)” ऐप डाउनलोड कर मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। इसके बाद खुदाई स्थल का स्थान, कार्य का विवरण एवं प्रस्तावित तिथि दर्ज कर अनुरोध भेजा जा सकता है। संबंधित विभाग आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश उपलब्ध कराते हैं, जिसके बाद सुरक्षित तरीके से खुदाई कार्य किया जा सकता है।

Related posts