RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

सुन्नी के समग्र विकास को गति, 25 करोड़ की पेयजल योजना एक माह में होगी समर्पित : विक्रमादित्य सिंह

शिमला, 25 जुलाई (rhnn) : लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सुन्नी क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा रहा है तथा लोगों को सभी मूलभूत एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को सुन्नी तहसील में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। कैबिनेट मंत्री आज सुन्नी में नगर पंचायत सुन्नी के कार्यक्रम में उपस्थित जनता को सम्बोधित कर रहे थे। लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित की जा रही सुन्नी पेयजल योजना का 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। आगामी एक माह के भीतर यह योजना सुन्नी के लोगों को समर्पित कर दी जाएगी। इसी प्रकार, सिराज क्षेत्र के केलबागड़ी में 18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पेयजल योजना हाल ही में लोगों को समर्पित की गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को पेयजल की समस्या से राहत मिली है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा सुन्नी बस डिपो को 10 नई इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इससे सुन्नी तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और आवागमन संबंधी समस्याओं में कमी आएगी। उन्होंने सुन्नी-लूहरी सड़क मार्ग के विस्तारीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा, जिससे लोगों को लंबी यात्रा और घंटों के सफर से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने विश्व बैंक के सहयोग से एचपी रेड्डी परियोजना के अंतर्गत सुन्नी-लूहरी सड़क मार्ग के उन्नयन एवं विस्तारीकरण के लिए 30 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। इससे इस सड़क मार्ग को अधिक चौड़ा, सुरक्षित तथा गुणवत्तायुक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गत महीनों थली पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके मरम्मत कार्य के लिए 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वर्तमान में पुल की मरम्मत का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त, सुन्नी क्षेत्र के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली मल निकासी परियोजना के टेंडर जारी कर दिए गए हैं तथा शीघ्र ही इस परियोजना का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सुन्नी में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए भारत सरकार के शहरी विकास मंत्रालय के माध्यम से 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, हनुमान मंदिर के समीप वातानुकूलित (एसी) लाइब्रेरी का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष शिमला ग्रामीण हरी कृष्ण हिमराल, पंचायत समिति अध्यक्षा कौशल्या, नगर पंचायत सुन्नी की अध्यक्षा सत्या वर्मा, उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) सुन्नी राजेश वर्मा सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इससे पूर्व लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जन समस्याएं सुनी और अधिकारियों के सहयोग से अधिकतर समस्याओं का समाधान मौके पर ही सुनिश्चित किया। उन्होंने सुन्नी बाजार में शांतिपूर्ण सामाजिक मार्च में भी हिस्सा लिया।

Related posts