शिमला, 27 जुलाई (rhnn) : नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देने के साथ ही शिमला जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला। मेरा युवा भारत (MY Bharat), शिमला की ओर से राजकीय संस्कृत महाविद्यालय शिमला में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के तहत जिला स्तरीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों और युवा प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आठ विधाओं में आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने नृत्य, गायन, नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद, चित्रकला, काव्य पाठ, लघु फिल्म निर्माण और स्लोगन लेखन के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव, स्वस्थ जीवनशैली, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। नृत्य और नुक्कड़ नाटक में राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय कोटशेरा की टीम, गायन में थियोग बैगन टीम, वाद-विवाद में युवराज, चित्रकला में साक्षी, काव्य पाठ में सुहानी, लघु फिल्म निर्माण में गौरव शर्मा और स्लोगन लेखन में मृणाल जोशी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
मुख्य अतिथि जिला जन संपर्क अधिकारी सिम्पल सकलानी ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को जन आंदोलन बनाने में युवाओं की भूमिका अहम है। प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी 28 जुलाई से 4 अगस्त तक होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शिमला का प्रतिनिधित्व करेंगे। अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर समापन 14 अगस्त को राष्ट्रीय नशा मुक्त युवा सम्मेलन में होगा।

