RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या की अध्यक्षता की

शिमला, 03 अगस्त (rhnn) : इस अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार चंबा जिला में सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि जिला में सड़कों के निर्माण और विस्तार पर 591 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। प्रदेश सरकार चंबा जिला के प्रत्येक क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जिला के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बाहर जाने की आवश्यकता न रहे, इसके लिए प्रदेश सरकार ने चंबा में पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना की है। उन्होंने कहा कि राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में आधुनिक चिकित्सा अवसंरचना और नवीनतम स्वास्थ्य तकनीक उपलब्ध करवाने पर विशेष बल दिया गया है।

यहां पर लगभग 158 करोड़ रुपये की लागत से 200 बिस्तरों वाले अस्पताल भवन का निर्माण किया गया है, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, मेडिकल विद्यार्थियों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को बेहतर कार्य एवं अध्ययन सुविधाएं मिलेंगी। प्रदेश सरकार आधुनिक स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए तथा जिला प्रशासन द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया। इस अवसर पर चंबा जिला की नंदनी को ‘मिस मिंजर क्वीन’ चुना गया। प्रसिद्ध पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल अंतिम सांस्कृतिक संध्या के मुख्य आकर्षण रहे। उन्होंने चंबा चौगान में उपस्थित दर्शकों का अपनी प्रस्तुति से भरपूर मनोरंजन किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैय्यर एवं हरदीप सिंह बावा, पूर्व मंत्री आशा कुमारी एवं ठाकुर सिंह भरमौरी, एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर, जिला कांग्रेस समिति चंबा के अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना एवं अमित भरमौरी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी तथा अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।

Related posts