शिमला, 19 अगस्त (rhnn) : पहाड़ी क्षेत्रों में गैस सिलेंडर को ऊंचाई वाले और दुर्गम इलाकों तक पहुंचाने की चुनौती अब कुछ हद तक आसान हो सकती है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने शिमला में हल्के और आधुनिक एलपीजी कम्पोजिट सिलेंडर ‘एचपी नव्या’ को लॉन्च किया है। कंपनी के अनुसार इसका वजन कम होने के कारण पहाड़ी रास्तों पर इसे ले जाना अपेक्षाकृत आसान होगा। मॉल रोड स्थित रोटरी टाउन हॉल टेरेस पर आयोजित कार्यक्रम में एचपीसीएल के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक (बिक्री) रोहित शर्मा ने ‘एचपी नव्या’ का अनावरण किया। इस दौरान हिमाचल प्रदेश के बिक्री प्रबंधक सुरंजन शर्मा और शिमला रिटेल क्षेत्र के सहायक प्रबंधक एवं क्षेत्रीय समन्वयक राहुल यादव मौजूद रहे।
कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि कम्पोजिट सिलेंडर पारदर्शी और 100 प्रतिशत जंग-रोधी है। पारदर्शी होने से उपभोक्ता सिलेंडर में गैस की उपलब्ध मात्रा को बाहर से देख सकेंगे। कार्यक्रम में करीब 10 से 12 उपभोक्ताओं को नए कनेक्शन के दस्तावेज भी सौंपे गए। शिमला में यह सिलेंडर एचपी गैस के अधिकृत वितरक बेस्ट गैस सर्विस के माध्यम से उपलब्ध होगा। अधिकारियों के अनुसार आधुनिक डिजाइन वाला यह सिलेंडर उपभोक्ताओं को सुविधा और सुरक्षा के लिहाज से नया विकल्प उपलब्ध कराएगा।

