शिमला, 23 अगस्त (rhnn) : पर्यावरण संरक्षण को केवल पौधे लगाने तक सीमित रखने के बजाय उनके संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी तय करने की दिशा में लायंस क्लब शिमला ने बलदेयां में पहल की। क्लब की ओर से शनिवार को शेनल गांव के स्कूल के समीप पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान 100 पौधे रोपे गए और स्थानीय ग्रामीणों ने इनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। अभियान में क्लब के 13 सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए। पौधरोपण के दौरान ग्रामीणों को पेड़ों के पर्यावरणीय महत्व के बारे में जागरूक किया गया। क्लब सदस्यों ने कहा कि पौधों को रोपने के बाद उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना ही अभियान की वास्तविक सफलता है।
लायंस क्लब शिमला के अध्यक्ष लायन ओ.पी. मेहता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों को ऐसे अभियानों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से ही हरित क्षेत्र का विस्तार किया जा सकता है। अभियान में लायन मनमोहन वर्मा, अनिल सूद, डॉ. दलीप शर्मा, डॉ. राजेश चनाना, प्रो. सी.बी. मेहता, संजीव खन्ना, एम.के. शर्मा, प्रो. के.सी. शर्मा, गोपाल कृष्ण वैद्य और सुशील कुमार सूद सहित अन्य सदस्य व स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

