RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

हिमाचल के तीन जिलों में दौड़ेंगी ‘थेरेपी ऑन व्हील्स’, विशेष बच्चों को घर-द्वार मिलेंगी सेवाएं

शिमला, 29 अगस्त (rhnn) : हिमाचल प्रदेश में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा के साथ थेरेपी और विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नई पहल शुरू की गई है। समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश और सांफिया फाउंडेशन के बीच ‘मोबाइल रिसोर्स सेंटर–थेरेपी ऑन व्हील्स’ के संचालन के लिए समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। शुरुआती चरण में यह सेवा शिमला, मंडी और कांगड़ा जिलों में शुरू होगी। समग्र शिक्षा के स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर राजेश शर्मा और सांफिया फाउंडेशन की फाउंडर एवं निदेशक डॉ. श्रुति भारद्वाज ने MOU पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान राज्य समन्वयक प्रतिभा बाली और कार्यक्रम प्रबंधक बीजू हिमदल भी मौजूद रहे।

राजेश शर्मा ने बताया कि परियोजना के लिए समग्र शिक्षा की ओर से तीन बसें खरीदी गई हैं। इन्हें मोबाइल रिसोर्स सेंटर के रूप में विकसित कर आवश्यक थेरेपी उपकरणों और संसाधनों से सुसज्जित किया जाएगा। इनके माध्यम से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को फिजियोथेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, स्पीच एवं लैंग्वेज थेरेपी, विशेष शिक्षा, असेसमेंट, काउंसलिंग और पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में दूरदराज क्षेत्रों तक विशेषज्ञ सेवाएं पहुंचाना चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में ‘थेरेपी ऑन व्हील्स’ उन बच्चों के लिए मददगार साबित होगी, जो दूरी और परिवहन संबंधी समस्याओं के कारण नियमित रूप से विशेषज्ञ सेवाओं तक नहीं पहुंच पाते। परियोजना को प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए संचालित किया जाएगा। इस दौरान बच्चों की पहचान व स्क्रीनिंग, आवश्यकता आधारित असेसमेंट, जागरूकता, प्रशिक्षण और अभिभावकों व शिक्षकों को मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। परियोजना के परिणामों के आधार पर भविष्य में इसे अन्य क्षेत्रों तक विस्तार देने पर विचार किया जाएगा।

Related posts