शिमला, 03 सितंबर (rhnn) : ऑकलैंड हाउस स्कूल शिमला के सीनियर सेक्शन के वार्षिक स्पोर्ट्स डे में बुधवार को विद्यार्थियों ने खेल मैदान में खूब दमखम दिखाया। सबसे रोमांचक मुकाबला स्टूडेंट्स वर्सेज टीचर्स रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने शिक्षकों को हराकर जीत हासिल की। मुकाबले के दौरान मैदान पर मौजूद अभिभावकों और दर्शकों ने जमकर उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में विद्यालय की पुरातन छात्रा और हिमाचल प्रदेश पुलिस में डीएसपी गीतांजलि ठाकुर मुख्य अतिथि रहीं। स्कूल पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। चारों हाउस मैथ्यू, ड्यूरेंट, लेफ्रॉय और फ्रेंच के विद्यार्थियों ने शानदार मार्च पास्ट किया। पाइप बैंड और एनसीसी की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में जोश भर दिया।
स्पोर्ट्स डे में जिम्नास्टिक, योग, एरोबिक्स, कराटे, ऑब्स्टेकल रेस, स्किपिंग और विभिन्न रिले प्रतियोगिताएं करवाई गईं। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। रियाना नेगी, शबदीता चौहान और माधवी शर्मा को विभिन्न ग्रुप में बेस्ट जिम्नास्ट चुना गया। शबदीता चौहान को विक्टर लुडोरम और अलवीना हरीश व आराधना ठाकुर को अंकुर चौहान मेमोरियल ट्रॉफी फॉर बेस्ट एथलीट प्रदान की गई। इंटर-हाउस मुकाबलों में मैथ्यू हाउस 103 अंकों के साथ ओवरऑल विजेता रहा। लेफ्रॉय हाउस 83, ड्यूरेंट 69 और फ्रेंच हाउस 35 अंकों के साथ क्रमश: दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहे। मैथ्यू हाउस ने स्पोर्ट्स शील्ड और प्रोफिशिएंसी कप दोनों अपने नाम किए। मुख्य अतिथि डीएसपी गीतांजलि ठाकुर ने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

